नगर पंचायत से रोज निकलने वाला पांच से छह टन कचरा डंपिंग ग्राउंड के बजाय नगर के अलग-अलग सड़कों व मठ वार्ड में आबादी के बीच फेंका जा रहा है। सड़न होने पर बदबू आ रही है। रास्ते से गुजर रहे लोग नाक पर रुमाल रखकर आ जा रहे हैं। संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। लोगों के विरोध के बाद भी कूड़ा आबादी के बीच ही रखा जा रहा है।
लार नगर पंचायत के इंद्रानगर वार्ड फानी टोला में पांच साल पहले 18 लाख की लागत से कूड़ा रखने के लिए डंपिंग ग्राउंड का निर्माण कराया गया। कुछ वर्षों तक इसमें कूड़ा रखा भी गया। एक वर्ष से नगर पंचायत के कर्मचारी नगर से निकलने वाले कचरा को डंपिंग ग्राउंड में रखने की जगह चौरडीहा गांव के सामने सड़क किनारे, बाईपास मार्ग पर घारी वार्ड के समीप, धवरिया वार्ड के सामने मुख्य सड़क पर, गांधी मोड़ से आगे भेड़िहारवा टोला के सामने सड़क किनारे वाहनों से कचरा गिरा रहे हैं।
मठ वार्ड के खीरी मोहल्ला में अखाड़ा के सामने नगर पंचायत द्वारा आबादी के बीच कूड़े को डंप किया गया है। सड़न होने से दुर्गंध निकल रही है। पैदल आने जाने वालों को परेशानी हो रही है। आबादी के बीच कूड़ा का ढेर लगने से वार्ड के लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जा रहा है। तेज हवा चलने पर कूड़ा राहगीरों के ऊपर पड़ रहा है।
नगर के राजू गुप्ता ने बताया कि हमारे घर के सामने ही कूड़ा डंप किया गया है। सांस लेना भी दूभर हो गया है। अजहर लारी ने बताया कि काफी समय से कूड़ा डंप किया गया है। इसकी दुर्गंध से वार्ड के लोग परेशान हैं। नगर पंचायत के कर्मी इसमें आग लगा देते हैं। निकलने वाला जहरीला धुंआ लोगों को नुकसान पहुंचाता है।
मठ वार्ड के महफूज आलम लारी ने बताया कि नगर के चारो तरफ सड़कों पर लापरवाही पूर्वक कूड़ा नगर पंचायत द्वारा फेंका जा रहा है। भेड़िहारवा टोला के बीरेंद्र यादव ने कहा कि रास्ते से गुजरने के दौरान नाक पर रुमाल रख आना जाना पड़ रहा है।
नगर पंचायत का निकलने वाला कचरा डंपिंग ग्राउंड में रोज जाता है। चौरडीहा, बाईपास मार्ग, मठ वार्ड के अखाड़ा के पास रखा हुआ कूड़े का ढेर नगर के लोगों के द्वारा फेंका गया है।
-मृदुल कुमार सिंह, प्रभारी ईओ, लार नगर पंचायत