दुदही। मेरे माता-पिता मेरी दूसरी शादी करवाना चाहते थे। वे मेरी पत्नी को पसंद नहीं करते थे। इसलिए अक्सर उसे प्रताड़ित करते पर वे उसकी हत्या कर देंगे यह कभी नहीं सोचा था। यह कहना है विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर कोठी निवासी बृजकिशोर का।
शुक्रवार रात उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी रिंकी की उसके छोटे भाई टुनटुन ने सोते समय चाकू मार कर हत्या कर दी थी। रविवार को पुणे से गांव पहुंचे बृजकिशोर ने पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, रिंकी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सास-ससुर समेत सात पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बैकुंठपुर कोठी गांव निवासी बृजकिशोर पुणे में काम करता है। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी तीन साल की एक बेटी और दो साल का एक बेटा है। उसकी 30 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी आठ माह की गर्भवती थी। वह गांव पर ही रहती थी। शुक्रवार रात वह दोनों बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी।
आरोप है कि आधी रात को उसके कमरे में उसका देवर टुनटुन पहुंचा और पेट में चाकू घोंप दिया। हालांकि बृजकिशोर के पिता इंद्रजीत और छोटे भाई राजकुमार रिंकी को लेकर मेडिकल कॉलेज गए पर वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पिता-पुत्र वहां से भाग गए। पत्नी की हत्या की सूचना पर रविवार दोपहर बृजकिशोर घर पहुंचा और पत्नी की अंतिम संस्कार किया। उसने अपने पिता और भाइयों पर सुनियोजित तरीके से पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया।
बृजकिशोर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेटी-बेटा को गोद में लेकर पत्नी के शव से लिपटकर रो रहा है। चीख-चीख कर बोल रहा है कि पिता बार-बार दूसरी शादी करने के लिए दबाव डाल रहे थे। मुझे अपनों से ऐसी उम्मीद नहीं थी कि पत्नी की हत्या कर देंगे। मेरे साथ अनर्थ हो गया हैं, इसका ईश्वर फल देगा। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करती।
थानाध्यक्ष आनंद गुप्ता ने बताया कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का दाह संस्कार पुलिस की मौजूदगी में करा दिया गया है।