जमीन बिक्री की रकम न देने पर लाठी से मार डाला था
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। रिटायर्ड कर्मचारी की हत्या के आरोपी बेटे को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की सुबह नगर के बस स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बस से देवरिया जाने की फिराक में था।
कोतवाली थाना क्षेत्र के चकरवां बहोरदास गांव निवासी गोरखनाथ यादव (65) की बड़े बेटे राजकुमार यादव ने जमीन बिक्री की रकम न देने पर लाठी से पीट-पीटकर बुधवार की रात मार डाला था। मृतक की बेटी सहजौर निवासी गीता देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बेटे राजकुमार यादव पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मुखबिर की सूचना पर कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने अपने हमराहियों के साथ गुरुवार की सुबह 8.30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि पिता की हत्या के आरोपी राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।