संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। क्षेत्र में किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को घटना को लेकर गांव वालों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत गांव के कुछ लोगों के पिटाई करने से हुई।
गांव के 14 वर्षीय किशोर की गांव के कुछ लोगों ने चार दिन पहले पिटाई की। उनका परिवार से पहले से अदावत चल रही है। चार माह पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था। किशोर की पिटाई के बाद आरोपी उसके घर से साइकिल उठा लाए थे। वह इलाज कराकर घर आ गया था, लेकिन अचानक बृहस्पतिवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज कराने गौरीबाजार सीएचसी ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। किशोर की मौत से बौखलाए परिवार और गांव के लोगों ने सड़क पर शव रखकर रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर रास्ता खाली कराया।
परिवार के लोगों ने किशोर को पीटने वालों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल एमके चतुर्वेदी ने कहा कि पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।