-सात घंटे बाद परिजनों ने की शव की शिनाख्त, हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। घर से लखनऊ कमाने जाने की बात कहकर निकले श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के खड़सरवा बुजुर्ग गांव निवासी शैलेंद्र प्रसाद (40) की बदमाशों ने राेपन छपरा जूुनियर प्राथमिक विद्यालय के बरादमे में सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को धान के खेत फेंक दिया। युवक का हाथ टी शर्ट से बंधा था। शुक्रवार की सुबह शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और सोशल मीडिया के जरिये शव की शिनाख्त कराने में जुट गई। मोर्चरी पहुंचे मृतक के छोटे भाई जीवधन ने शव की पहचान की।
एसपी संकल्प शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एसओजी व पुलिस टीम को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। उधर हत्या की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। शुक्रवार की सुबह लार थाना क्षेत्र के रोपन छपरा प्राथमिक जूनियर विद्यालय में शिक्षक पहुंचे तो दीवार पर खून के छींटे व फर्श पर खून फैला देखा। शौचालय की छत पर बैग व कंबल पड़ा था। यह देख शिक्षक सहम गए। इसकी सूचना गांव के लोगों को दी, तो भीड़ जुट गई। इसी बीच ग्रामीणों ने प्रांगण में खून से सनी ईंट देखी। अनहोनी की आशंका पर विद्यालय के आसपास तलाशी ली। तभी विद्यालय से पश्चिम की ओर दो सौ मीटर की दूरी पर धान के खेत में एक युवक का शव मिला। युवक के सिर, चेहरे व पेट पर गंभीर चोट के निशान थे। उसका हाथ टीशर्ट से बंधा था।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शौचालय की छत से बैग, कंबल ग्रामीणों की मदद से उतरवाया। तलाशी के दौरान उसमें कपड़े और डायरी मिली। डायरी में कुछ मोबाइल नंबर लिखे थे। पुलिस ने घटनास्थल से ईंट कब्जे में ले ली। इसके बाद पहुंची एसओजी व फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर फिंगर प्रिंट लिए। उधर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने करीब आधे घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौजूद पुलिस कर्मियों से जानकारी ली। इसके बाद एसओजी व लार प्रभारी निरीक्षक को जल्द घटना के खुलासे का निर्देश दिया।
....
शव की शिनाख्त मृतक के छोटे भाई जीवधन ने अपने बड़े भाई शैलेंद्र के रूप में की। तहरीर अभी तक नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से घटना की तहकीकात कर रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
-दीपक शुक्ला सीओ सलेमपुर
...
रास्ते में खून देख शव के पास पहुंच गए ग्रामीण
हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए हत्यारों ने लगभग दो सौ मीटर दूर विद्यालय से पश्चिम में धान के खेत में फेंक दिया। इसके बाद सुबह विद्यालय के फर्श पर खून और बैग मिलने की सूचना पर पहुंचे ग्रामीण अनहोनी की आशंका जता आसपास देखने लगे। तभी विद्यालय के प्रांगण में खून से सनी ईंट दिखाई दी। वहां पर भी खून गिरा था। इसके बाद ग्रामीण खून के छींटे देखते हुए दो सौ मीटर दूर शव के पास पहुंच गए। युवक के पेट पर घसीटने का निशान था। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने विद्यालय में घटना को अंजाम देने के बाद उसे घसीटते हुए खेत में फेंक दिया था।
.....
विद्यालय में खून देख चीख पड़े बच्चे
रोज की तरह बच्चे पढ़ाई करने के लिए अपने विद्यालय पहुंचे। तभी फर्श पर खून दिखाई दिया। यह देख विद्यालय आए बच्चे सहम गए और चीखने लगे। इस पर शिक्षकों ने उन्हें किसी तरह संभाला। उधर विद्यालय परिसर में खून व बैग मिलने की सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोविंद मिश्रा, शिक्षक संघ के नेता मनीष सिंह ने पहुंच बच्चों को समझा बुझाकर शांत कराया।
.....
एसओजी ने तीन को पूछताछ के लिए उठाया
रोपन छपरा में हत्या कर फेंके गए शव के मामले में पुलिस शाम को थाना क्षेत्र के एक गांव की कुछ महिलाओं को थाने लेकर पहुंची। उनसे पूछताछ कर रही है। सूत्रों की माने तो पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही पुलिस घटना का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
....
बियर की बोतल और गिलास भी मिले
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बियर की बोतल और ग्लास मिला है। शक है कि हत्यारों ने पहले जमकर शराब पी हो इसके बाद घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इसे भी कब्जे में ले लिया है।
....
स्टेशन छोड़ने गया युवक परिजनों के बुलाने पर नहीं आया थाने
बेटे की हत्या की सूचना पर पहुंचे पिता नथुनी प्रसाद के मुताबिक उनके बेटे को गांव का ही एक युवक भाटपाररानी स्टेशन छोड़ने की बात कह साथ ले गया। उसके साथ गांव का ही एक और युवक कमाने की बात कह साथ गया। इसके बाद से दोनों युवक गायब हैं। एक युवक का फोन रिसीव हुआ है। उसको कई बार फोन कर बुलाया हूं, लेकिन नहीं आया। उधर स्टेशन छोड़ने और साथ कमाने जाने की बात कह निकले युवकों की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
....
किसी से नहीं है दुश्मनी फिर किसने कर दी निर्मम हत्या
मोर्चरी हाउस से बेटे का शव देख लौटे पिता नथुनी प्रसाद थाने के गोलंबर में सिर पकड़ बैठ गए। चीखते हुए बोले कि साहब हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। फिर बेटे की निर्मम हत्या किसने कर दी। इस पर मौजूद लोगों ने उनका ढांढस बंधाया। उधर समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
....
गए थे कमाने आई हत्या की खबर
शैलेंद्र परिवार के बड़े बेटे थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनसे छोटे भाई सुदर्शन व जीवधन हैं। परिवार का बड़ा बेटा होने के नाते उन पर जिम्मेदारियां भी थी। इसके वजह से वह अयोध्या में रहकर कारपेंटर का काम करते थे। वह तीन दिन पहले ही आए थे। परिजनों के साथ समय बिताने के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर में गांव के ही दो युवकों के साथ भाटपाररानी स्टेशन जाने की बात कह निकले। शाम को पत्नी रमिता देवी ने फोन मिलाया तो बंद था। इस पर परिजन परेशान होने लगे। इसी बीच सुबह लार थाना क्षेत्र के रोपन छपरा गांव के जूनियर प्राथमिक विद्यालय के समीप हत्या कर फेका गया शव मिला। जिसके मोर्चरी हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। उधर हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पति की हत्या की खबर सुनते ही रमिता देवी गश खाकर गिर पड़ी। वहीं माता ज्ञानती देवी,बेटी गुड़िया,बेटा अंकित,बहन अनिता के करुण क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। उधर पिता ने बेटे की हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग पुलिस से की है।