भाटपाररानी। रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार की दोपहर में थार गाड़ी की चपेट में आने से टैक्सी स्टैंड का मुंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर से दो ऑटो और कुछ बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने घायल को ऑटो से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज देवरिया रेफर कर दिया। भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर बुधवार की दोपहर में स्टेशन के टैक्सी स्टैंड पर काम करने वाले बृजेश गोंड़ (50) ऑटो में बैठकर पैसा गिन रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक थार गाड़ी ने बाइक को ठोकर मारते हुए ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में बैठे बृजेश गोंड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल भेजा। वहीं टक्कर से ऑटो सहित कुछ बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। थार बाजार के ही एक व्यक्ति की बताई जा रही है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद