संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के पोखरभिण्डा गांव में मंगलवार को दो सगे भाइयों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बड़े भाई मुमताज (55) की भतीजे ने पीटकर हत्या कर दी थी। बुधवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में पोस्टमार्टम के बाद सायं चार बजे मुमताज का शव गांव पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई।
शव पहुंचते ही आसपास के सैकड़ों लोग और नात-रिश्तेदार मृतक के आवास पर पहुंच गए। सभी के चेहरे पर चार इंच जमीन के लिए रिश्ते के कत्ल का क्षोभ और आंखों में आंसू थे। मारपीट की घटना में चोटिल मुमताज की पत्नी रैला देवी, बेटे अब्दुल बकर, शोएब खान, फैजल, बेटी जखिरुन निशा तथा परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रहीं थीं।
मुमताज के शव को शव को जब उनके बेटों के साथ बूढ़े पिता अहमद खान ने कंधा दिया तो माहौल एक बार फिर गमगीन हो गया। सैकड़ों लोगों की भीड़ के साथ उनके शव को गांव के कब्रिस्तान में ले जाया गया। जहां परिजनों के साथ अन्य लोगों ने उनको सुपुर्द-ए-खाक किया।