बघौचघाट। पथरदेवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझौवा में गणेश चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ।
इसमें पुरुष एवं बालिका टीमों ने प्रतिभाग किया। पुरुष वर्ग के फाइनल में एमपीआईसी कुर्मीपट्टी और बसडिला के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। एमपीआईसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बसडिला को 36-33 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में मऊ और बनकटा की टीम आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मऊ की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23-22 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। बनकटा की टीम ने भी अंत तक संघर्ष किया मगर एक अंक से मुकाबला गंवा बैठी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह एवं समाजसेवी जोया खान ने किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, अंगवस्त्र तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक खेल शिक्षक जय कुमार राव रहे। इस दौरान राजू सिंह, अवधेश सिंह, अशोक सिंह, सीटू राव, प्रिंस राव, अभिषेक राव, युवराज राव, गोलू, शिवम, नवनीत आदि मौजूद रहे।