देवरिया। सलेमपुर के सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने बृहस्पतिवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, मरीजों के उपचार, सफाई व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। सांसद ने ओपीडी में मरीजों की भीड़ और पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों पर चिंता जताई।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस मिश्रा से इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। सांसद ने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार मिलना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके लिए अस्पताल प्रशासन को बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उनहोंने सरकार से मांग की कि मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि ओपीडी में बढ़ते मरीजों का दबाव कम हो सके। नई पर्ची बनवाने के लिए अतिरिक्त काउंटर और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ऐसे में संसाधनों और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना आवश्यक है।