सदर सांसद ने दिया एक करोड़ एक लाख और विधायक ने दिया 26 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सदर सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने पीएम राहत कोष में एक करोड़ सांसद निधि एवं एक लाख अपने वेतन से दिया है। उन्होंने कहा है कि पूरा देश संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में हमारा कर्तव्य है कि कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने में मदद की जाए। उधर, भाटपाररानी के सपा विधायक आशुतोष उपाध्याय ने 26 लाख रुपये देने के लिए पत्र मुख्य विकास अधिकारी को दिया है। सदर सांसद ने कहा है कि कोरोना वायरस फैलने की रफ्तार काफी तेज है। ऐसे दौर में सभी को पीएम की बातों का सम्मान करते हुए जो जहां है, वहीं रहना चाहिए।
सामाजिक संस्थाओं ने की मदद
भाटपाररानी। गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों, भिखारियों की सहायता के लिए नगर की स्वयंसेवी संस्थाएं और राजनीतिक दल मदद के लिए आगे आ रहे हैं। नगर की आगाज टीम के निदेशक आशीष जायसवाल के नेतृत्व में नगर में मौजूद दिहाड़ी मजदूरों, भिखारियों आदि जरूरतमंदों को भोजन का पैकेट बांटना शुरू कर दिया है। युवा कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सलीम अली के नेतृत्व में गरीबों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इस दौरान अफजाल अंसारी, राजू वर्मा, जावेद, असलम, इमरान, खालिद, पंकज, तबरेज, आदि मौजूद रहे।