सांसद ने बजाया शंख, विधायकों ने ताली
सायरन बजते ही अलर्ट हो गए लोग, बालकनी में बजती रहीं थालियां
जनता कर्फ्यू : कोरोना वायरस से बचने के लिए लोगों ने दिखाया जज्बा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जनता कर्फ्यू की वजह से सड़कें सूनी रहीं। बाजारों में सन्नाटा रहा। कोरोनो को हराने के लिए लोग घरों में कैद रहे। उनमें खास जज्बा देखा गया। शाम होते ही प्रशासन की गाड़ियां सायरन बजाते हुए सड़कों पर दौड़ पड़ीं। सुभाष चौक से डीएम अमित किशोर, एसपी श्रीपति मिश्रा ने शहर का भ्रमण किया। उधर, सदर सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने अपने जिला पंचायत परिषद स्थित आवास पर शंख बजाया तो बरहज विधायक सुरेश तिवारी ने पैतृक गांव रनिहवां, सलेमपुर विधायक काली प्रसाद देवकली, जनमेजय सिंह ने देवगांव, कमलेेश शुक्ला ने देवरही टोला, सांसद रवींद्र प्रसाद कुशवाहा ने सलेमपुर समता आवास आवास पर रहकर ताली बजाई। बहुत से लोगों ने बरामदे, बालकनी में खड़े होकर थालियां भी बजाईं।
कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए पीएम मोदी के आह्वान पर लोगों ने एक दिन पहले से ही एहतियात बरतना शुरू कर दिया था। रविवार की सुबह सात बजे सैकड़ों की संख्या लोग स्टेडियम में टहलने जाते थे लेकिन इस दिन नहीं दिखे। पुरनियों के अनुसार पहली बार ऐसी बंदी दिखी। लोगों ने इसे ऐतिहासिक बताया है। शहर में दुकानें बंद रहीं। महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज के सामने बनारसी पान भंडार खुला रहा, जहां शौकीन लोग खड़े देखे गए। हालांकि थोड़ी देर बाद पुलिस की गाड़ियां गुजरीं तो दुकान बंद हो गई।
गुजरात से दस की संख्या में मजदूर रोडवेज बस से सुभाष चौक पर उतरे और पैदल ही कंचनपुर के लिए चल पड़े। मजदूर सुदामा ने बताया कि गुजरात सहित अन्य स्थानों से मजदूरों को घर भेजा जा रहा है। शाम पांच बजे सुभाष चौक पर प्रशासनिक अधिकारी एकत्रित हुए जहां अधिकारियों का काफिला शहर में भ्रमण के लिए निकला। गाड़ियों का हूटर बजाकर अधिकारियों ने अलर्ट किया तो लोग अपने-अपने आवास पर तालियां और थाली बजाने लगे।