सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने लिया भटनी पीएचसी को गोद
सोमवार शाम अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से ली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। देवरिया सदर के बीजेपी सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने सोमवार को भटनी पीएचसी को गोद लिया। अब यहां अस्पताल के कायाकल्प, सुन्दरीकरण व विकास के साथ लोगों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। सांसद ने अस्पताल की जमीनी हकीकत परखने के लिए अस्पताल का निरीक्षण किया और अधीक्षक से अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
बुनियादी सुविधाओं के लिये क्या-क्या आवश्यकता है, लिखित मांगपत्र देने को कहा। जिस पर प्रभारी अधीक्षक ने मांगपत्र सौंपा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि पीएचसी में हर तरह की सुविधा देने की मांग की गई है। सांसद के प्रयास से जल्द ही अस्पताल का कायाकल्प होना है। इससे लोगों को बहुत सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा व्यापार मंडल के महामंत्री नवीन कुमार गुप्त के नेतृत्व में लोगों ने सांसद से मुलाकात की। लोगों ने अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा बहाल करने, अस्पताल में महिला डॉक्टर की तैनाती समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप मल्ल, योगेश प्रजापति, विनोद दीक्षित, मोहनलाल गुप्त, दीपक मिश्र, अजय कुमार मिश्र, दीनदयाल तिवारी आदि उपस्थित रहे।