सोनूघाट। सदर कोतवाली क्षेत्र के परासिया भंडारी गांव के समीप मंगलवार की शाम करीब पांच बजे कांवड़ियों को लेकर जा रही प्राइवेट बस और बाइक सवार राहगीर के बीच मारपीट हो गई। बवाल की सूचना पर सीओ सदर फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक बाइक सवार भाग चुके थे।
बताया जा रहा है कि खुखुंदू क्षेत्र के कावड़ियों को लेकर एकबस बाबा बैजनाथ धाम जा रही थी। अभी बस कोतवाली क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव के समीप पहुंची थी कि बाइक सवार दो युवकों ने इसे रोक लिया। युवकों का कहना था कि बस पर सवार किसी कांवड़िए ने खिड़की से बाहर गुटका थूका, जिसका छींटा बाइक सवार युवकों पर गिरा। बाइक सवार परसिया भंडारी गांव के दो युवक सोनूघाट की तरफ जा रहे थे।
छींटा पड़ने की इस बात को लेकर बस सवार कावड़ियों और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी होते-होते मारपीट में तब्दील हो गई। बाइक सवार युवकों के समर्थन में उनके गांव के अन्य युवक भी पहुंच गए और बस सवार कावड़ियों को पीट दिया। कावड़ियों ने इसकी सूचना पीआरबी और सीओ सदर को दिया।
सीओ सदर संजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिए। इधर बाइक सवार युवक ग्रामीणों और पुलिस आने की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। कावड़ियों का दल हमला करने वाले बाइक सवारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगा। सीओ सदर ने जल्द ही कार्रवाई करने के आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
इस संबंध में सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पीड़ितों की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचकर मामले की जानकारी लिया।
हम लोगों के पहुंचने के पहले ही बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए थे।मारपीट करने की घटना में शामिल युवकों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।