रुद्रपुर। बस स्टैंड के पास रविवार की रात 10 बजे पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। राहगीर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामचक निवासी ग्राम प्रधान/प्रशासक अशोक सोनकर का छोटा बेटा संदीप सोनकर (25) रविवार रात करीब 10 बजे बाइक से घर जा रहा था। बताया गया कि वह बस स्टैंड के पास पहुंचा था, तभी देवरिया की ओर से आ रही पिकअप से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप के सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने घायल संदीप को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग माैके पर पहंुच गए और चीख-पुकार मच गई। संवाद