देवरिया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पर बेटियों के जन्म पर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इसमें बेटी को जन्म देने वाली माताओं को बेबी किट व अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी माताओं को एक पौध दिया गया, जिसका नाम बेटियों के नाम पर रखने को कहा गया। भाजपा नेता डॉ. जितेंद्र प्रताप राव ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में कामयाबी की ऊंचाइयों को छू रही हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को रोकना है तथा समाज में बालिका के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। सीएचसी के अधीक्षक डाॅ. अमित कुमार ने बालिकाओं को लेकर सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव का उद्देश्य महिलाओं के लिंगानुपात को बराबर करना है। कार्यक्रम को डाॅ. मनोज कुमार जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, मनोचिकित्सक मीनू जायसवाल, मंशा सिंह, रेनू यादव, हेल्थ सुपरवाइजर मुन्ना यादव आदि ने भी संबोधित किया। संवाद