स्कूटी खरीदने की जिद पर मां ने ही की थी प्रियंका की हत्या
नौ महीने बाद पुलिस ने प्रियंका की हत्या का किया पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खुखुंदू थानाक्षेत्र के महुई श्रीकांत गांव के हरखौली नाले के पास मिले प्रियंका के शव के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। स्कूटी खरीदने की जिद पर मां ने ही उसका गला दबा दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस लाइंस के मनोरंजन कक्ष में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि 29 मई को महुई श्रीकांत हरखौली नाले के पास एक युवती का शव मिला था। प्रियंका के पिता बिजाधर गौड़ निवासी बड़हरा की तहरीर पर केस दर्ज कर विवेचना चल रही थी। खुखुंदू एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को बड़हरा की शांति देवी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में शांति देवी ने बताया कि बेटी प्रियंका गौड़ स्कूटी के लिए रुपये की मांग कर रही थी। इसको लेकर हम लोगों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान बेटा नितिश गौड़ भी आ गया। धक्का-मुक्की के दौरान मैंने बेटी का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से बचने के लिए बेटे की सहायता से शव को हरखौली नाले में फेंक दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।