भटनी। थाना क्षेत्र के छपिया जयदेव गांव में सोमवार शाम शहीद विजय मौर्य गेट के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी घायल हो गईं। बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
भरहेचौरा गोइता टोला निवासी तारा देवी (46) अपनी बेटी आरती के साथ बाइक रजवल स्थित मायके से घर लौट रही थीं। शहीद विजय मौर्य गेट के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तारा देवी और उनकी चार वर्षीय बेटी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक अपना वाहन छोड़कर भाग गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। बच्ची के पैर में फ्रैक्चर और उसकी हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। आरोपी की पहचान की जा रही है।