खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में धान की रोपाई करने गई मां-बेटी के साथ गांव के कुछ मनबढ़ों ने अश्लील हरकत की।
आरोप है कि इसका विरोध करने पर मां-बेटी की पिटाई की गई। पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। पीड़ित पक्ष की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि बुधवार की दोपहर में मां और बहन खेत में धान की रोपाई करने गई थीं। इसी बीच पड़ोसी वहां पहुंच गए और खेत में गाड़े गए पत्थर को फावड़े से उखाड़ने लगे।
जब मां ने उन्हें रोका तो वह आग बबूला होकर मारने-पीटने लगे। जब बहन बीच-बचाव करने पहुंची तो कुछ मनबढ़ों ने उसका हाथ पकड़कर उसके साथ अश्लीलता शुरू कर दी।
विरोध करने पर हमलावरों ने मां और बहन दोनों को कीचड़ युक्त खेत में मारपीट कर ढकेल दिया। शोर मचाने पर मौके पर गांव के लोग पहुंचकर बीच-बचाव किया।
इसके बाद हमलावरों ने घटना की सूचना पुलिस को देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।