सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के नवलपुर चौकी अंतर्गत एक गांव में विवाह में बाधा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच फिर विवाद भड़क गया। बुधवार सुबह हुई मारपीट में युवती और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी युवती का विवाह पहले से तय है, लेकिन पड़ोस के कुछ लोग लगातार शादी में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। इसी बात को लेकर 29 जनवरी को भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस ने शांति भंग में कार्रवाई की थी।
युवती के पिता के अनुसार, सुबह उनकी पत्नी और बेटी घर लौट रही थीं, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद