देवरिया। बिग बॉस फेम माॅडल अर्शी खान मुंबई से शुक्रवार को देवरिया पहुंचीं। एसपी से मिलकर आए दिन मिल रही धमकी से अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली में पूर्व में दी गई तहरीर के बारे में भी बताया। एसपी के निर्देश पर सोनूघाट के एक चिकित्सक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। तहरीर में अर्शी ने आरोप लगाया था कि डॉक्टर ने अभिषेक शर्मा के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को वापस लेने की बात कही। इंकार करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा एसिड अटैक करवाने की भी धमकी दी थी।
मुंबई के मलाड में रहने वाली माॅडल अर्शी खान पुत्री अरमान खान शुक्रवार को देवरिया पहुंची। एसपी विक्रांत वीर से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया। उसने बताया कि फरवरी 2024 में कुछ निजी काम के सिलसिले में यहां आई थी। 23 फरवरी को करीब सात बजे शाम मेरे ठहरने वाले होटल लारेन में सोनूघाट निवासी डॉक्टर कमलेश यादव पुत्र अज्ञात आए और मुझे धमकी दिए कि अभिषेक शर्मा के खिलाफ जो मुकदमा दर्ज कराया है उसे वापस कर लो नहीं तो तुम्हें जान से मार दिया जाएगा। तुम्हारे चेहरे पर एसिड फेंकवा देंगे। तब जब मैंने उसे टोका तो उसने धमकी देते हुए पैसे की मांग किया। अर्शी ने आरोप लगाया कि कमलेश अभिषेक शर्मा को संरक्षण दे रहा है। इसके बाद तत्कालीन एसपी से एक मार्च को मिली, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस डॉक्टर कमलेश यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई।