खुखुंदू थाना क्षेत्र के भीम पुरवां गांव के पुल के पास आठ-दस युवकों ने बाइक रोककर घटना को दिया अंजाम
सीओ बोले- लूट का आरोप गलत, जांच कर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के भीम पुरवां गांव के पुल के पास बाइक रोककर मोटर मैकेनिक समेत तीन युवकों की पिटाई कर मोबाइल फोन और दस हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया मिश्र निवासी आनंद भारती देवरिया में एक गैरेज पर रहकर मोटर मैकेनिक का काम करता है। शनिवार को वह बाइक से गांव के अभिषेक उर्फ गोलू और धीरज कुमार को लेकर बैकुंठपुर कोई गाड़ी बनाने गया था। वहां से लौटते समय शाम हो गई। बाइक लेकर आनंद सहित तीनों युवक अभी थाना क्षेत्र के भीम पुरवां गांव के पुल के पास पहुंचे थे कि वहां पहले से मौजूद आठ-दस युवकों ने बाइक रोक दी।
तीनों अभी कुछ समझ पाते तब तक पुल पर मौजूद युवकों ने इन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने गोलू का मोबाइल फोन और मैकेनिक आनंद के पाॅकेट से दस हजार रुपये छीन लिए। धीरज का पाॅकेट चेक करने पर उसके पास कुछ नहीं मिला।
इस संबंध में सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि युवकों ने लूट का आरोप लगाया है। यह निराधार है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट....
पुलिस ने छह लोगों का किया चालान
खुखुंदू। पुलिस ने एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस का कहना है शनिवार को परसिया मिश्र निवासी आनंद भारती, अभिषेक उर्फ गोलू और धीरज नूनखार मकुनही के तरफ गए थे। वहां रास्ता पूछने को लेकर विवाद हुआ था। रविवार को मकुनही निवासी किशन तिवारी और दुर्गेश मद्धेशिया खुखुंदू चौराहे पर पहुंचे तो परसिया मिश्र के आनंद, अभिषेक उर्फ गोलू, धीरज और आशीष ने फिर से किशन और दुर्गेश से विवाद कर लिया। सभी का शांतिभंग में चालान किया गया है। इसके पहले हुए विवाद की भी जांच कराई जा रही है। विवाद में शामिल बाकी युवकों की भी धरपकड़ करने की बात पुलिस कह रही है।
युवकों का आरोप है कि बैकुंठपुर से लौटते समय आठ-दस की संख्या में पुल पर खड़े युवकों ने घटना को अंजाम दिया। मौके से कुछ दूर हटने पर 112 पुलिस को फोन मिलाया गया। लेकिन नहीं लगा। उधर, स्थानीय पुलिस और सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला का कहना है कि लूट की बात गलत है। मारपीट हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।