गौरी बाजार। क्षेत्र के ग्राम कालाबन निवासी छात्र मंजीत भारद्वाज रविवार को रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। उसने परिजनों से कहा कि वह चीनी मिल में क्रिकेट मैच खेलने जा रहा है, मगर वहां पहुंचने से पहले ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। सोमवार को मंजीत ने फोन कर बताया कि वह बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर है।
परिजनों के मोबाइल पर एक चौंकाने वाला मैसेज आया जिसमें दावा किया गया कि मंजीत का किसी ने अपहरण कर लिया है। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल गौरीबाजार थाने में सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र के पिता कमलेश राजभर की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर अपहरण का केस दर्ज किया। सोमवार को परिजनों को राहत भरी खबर मिली। बताया गया कि मंजीत बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर मिला है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि छात्र के आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद