रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के निवासी हैं जयप्रकाश निषाद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जयप्रकाश निषाद शुक्रवार भोर में बाथरूम में गिर गए। इससे उनके दाहिने कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया और पांव में मोच भी आ गई। जिला अस्पताल मेें उपचार के बाद वे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए चले गए।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के मूल निवासी जयप्रकाश निषाद रुद्रपुर से विधायक और यूपी कैबिनेट में राज्यमंत्री हैं। लॉकडाउन में वह घर पर ही रह रहे हैं। शुक्रवार अल सुबह तीन बजे वह बाथरूम गए और पैर फिसलने के कारण वह गिर गए। बुलाने पर परिवार के लोग पहुंचे और उठाकर बाहर लाए। वे सही से खड़े नहीं हो पा रहे थे। परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए। डिजिटल एक्सरे में उनके कुल्हे की हड्डी में फैक्चर पाया गया। चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार करने के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि वे किसी निजी अस्पताल में उपचार कराने चले गए। सूचना पर उनके शुभचिंतक जिला अस्पताल पहुंचे। सांसद रमापति राम त्रिपाठी, विधायक जनमेजय सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी, पूर्व विधायक रवींद्र प्रताप मल्ल, संजय पांडेय ने उनका हाल जाना।
नमूना भी जांच के लिए भेजा गया
देवरिया। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि राज्यमंत्री के कूल्हे में फ्रैक्चर के चलते ऑपरेशन संभावित है। इस कारण उनका नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है।