रामपुर कारखाना। शनिवार की देर रात रास्ते में गाड़ी खराब हो जाने से एक गर्भवती की जान खतरे में पड़ गई थी। प्रसव पीड़ा से कराह रही गर्भवती के लिए पुलिस फरिश्ता बनकर पहुंची। गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों ने इस महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के बसडिला गांव निवासी अनीस सिद्दीकी की पत्नी को शनिवार रात करीब 12 बजे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजन बोलेरो से उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे। देवरिया-कसया मुख्य मार्ग पर पुरुषोत्तमपुर गांव के पास पहुंचते ही बोलेरो का टायर पंक्चर हो गया। परिजन दूसरे गाड़ी की तलाश कर रहे थे। महिला का दर्द बढ़ता जा रहा था।
इसी दौरान गश्त पर निकले रामपुर कारखाना थाने के नायब दरोगा विजय कुमार और कांस्टेबल संजय कुमार यादव ने गाड़ी रुकी देखी तो पूछताछ की। दोनों पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला और उसके घरवालों को अपने सरकारी वाहन में बैठाया और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
वहां चिकित्सकों की देखरेख में महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। डॉक्टरों ने बताया कि समय से अस्पताल पहुंचने की वजह से जच्चा-बच्चा की जान बच गई।