फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: मैजिक और बाइक की टक्कर में अधेड़ की मौत, एक गंभीर

Wed, 11 Mar 2026 12:28 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नरौली संग्राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने मंगलवार को टाटा मैजिक और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय अधेड़ पारसनाथ मिश्र समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां डॉक्टर ने पारसनाथ को मृत घोषित कर दिया। उधर, टक्कर के दौरान मैजिक में बाइक फंस गई थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाइक बाहर निकाली। इसके बाद दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन


खुखुंदू क्षेत्र के बैरौना गांव निवासी पारसनाथ मिश्र (50 वर्ष) मंगलवार की सुबह बाइक से करीब साढ़े दस बजे नरौली संग्राम गांव गए थे। उनके साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के बदली निवासी शिवम सिंह (30 वर्ष) भी थे। पुलिस के मुताबिक दोनों लोग बाइक लेकर अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर नरौली संग्राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने पहुंचे थे कि सड़क पार करते समय देवरिया की तरफ से आ रहे टाटा मैजिक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बाइक मैजिक में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैजिक चालक बाइक को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया और फिर सड़क किनारे लगे रखी गई ईंटों टकराकर रुक गया। इसके बाद मैजिक चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। जहां डॉक्टर ने पारसनाथ को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि घटना के बाद वाहन छोड़कर चालक भाग निकला। दोनों घायलों में से एक की मौत हो गई है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


इनसेट..
तेज टक्कर की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोग
नरौली संग्राम गांव के सामने दोनों वाहनों की टक्कर होने पर खूब तेज आवाज हुई। तेज आवाज सुन आसपास गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से हटाकर किनारे किया। फिर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। देवदूत बनकर पहुंचे लोगों की मदद से ही शिवम सिंह की जान बच पाई। वरना उसकी भी जान चली जाती। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। हालांकि बाइक चालक पारसनाथ मिश्रा की तो जान नहीं बच पाई। शिवम का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है।
विज्ञापन



इनसेट..
पारसनाथ की पत्नी और बच्चों का अब कौन बनेगा खेवनहार
पारसनाथ मिश्रा की मौत के बाद अब पत्नी और बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा। इसकी चिंता ग्रामीणों को सताने लगी है। मृतक ही परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। खेती-बाड़ी और डेयरी के भरोसे ही परिवार की जीविका चलती थी। दोनों बेटे और बेटी अभी नाबालिग हैं। बैरौना गांव निवासी पारसनाथ मिश्रा घर पर रहकर खेती-किसानी और दूध का कारोबार करते थे। इसी के भरोसे घर का खर्च चलता था। पति की मौत के बाद पत्नी सुनीता बदहवास पड़ी हैं। बेटे और बेटी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। उधर देर शाम को जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो पत्नी और बेटी शव से लिपटकर रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। बेटा शिवपाल मां और बहन को संभालते हुए खुद रोए जा रहा था। इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव का भी माहौल गमगीन बना हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें