संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। नगवा गांव में शनिवार को टीन शेड पर बंदर कूदने पर कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने अधेड़ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, नगवां खास निवासी हरि प्रताप राव (55) के टिन शेड पर सुबह एक बंदर कूद गया। टिन शेड की पाइप टूट गई। बताया जा रहा है कि हरिप्रताप बंदरों को अपशब्द कहने लगे। इस पर पड़ोसियों ने समझा कि हरिप्रताप उन्हें अपशब्द कह रहे हैं।
इसके बाद पड़ोसी हमलावार हो गए। उन्होंने धारदार हथियार से हरि प्रताप पर हमला कर दिया। उनके कंधे और पेट में गंभीर चोट लग गई। घायल को लोग सीएचसी रुद्रपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस बावत थानाध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि वारदात की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस गई थी। मारपीट के दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।