फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: घड़ी-ब्लूटूथ नहीं लौटाने पर ईंट से सिर कूचकर की थी मेराज की हत्या

Wed, 30 Sep 2026 11:41 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
जीआरपी भटनी ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी अंगद पांडेय गिरफ्तार
विज्ञापन

17 सितंबर को गांजा-शराब पीने के दौरान मेराज ने मांगी थी घड़ी और ब्लूटूथ
प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मारपीट में बेहोश होने के बाद ईंट से किए दो-तीन वार
रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के भैंसही गांव निवासी मेराज की हत्या घड़ी और ब्लूटूथ लौटाने के विवाद में हुई थी। राजकीय रेलवे पुलिस भटनी ने बुधवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अंगद पांडेय को भटनी जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा भी बरामद किया है।
रेलवे पुलिस के मुताबिक मेराज, अंगद पांडेय, सचिन गोड़ और मनीष सिंह आपस में दोस्त थे। 17 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे चारों भैंसही गांव के तिराहे पर मिले। खाने-पीने की बात कर पहले से तय एक स्थान पर गए और वहां गांजा व शराब पीने लगे। इसी दौरान मेराज ने अंगद से उसकी घड़ी और ब्लूटूथ मांग ली। इसके बाद सभी वहां से चले गए। दोपहर में सभी फिर भैंसही में मिले और दोबारा नशा करने के लिए एक ही बाइक से जाने लगे। पुलिस के अनुसार सचिन गोड़ ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद मेराज, अंगद और मनीष एक साथ गए और दोबारा नशा किया। इसी दौरान अंगद ने मेराज से अपनी घड़ी और ब्लूटूथ वापस मांगा लेकिन मेराज आनाकानी करने लगा। बाद में सभी अलग-अलग अपने घर चले गए।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार अंगद ने इसके बाद कई बार फोन कर मेराज से सामान वापस मांगा लेकिन उसने नहीं लौटाया। उसी शाम करीब पौने आठ बजे मेराज ने अंगद को फोन किया और दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अंगद ने मेराज को स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। अंगद अपना मोबाइल घर पर छोड़कर रेलवे ढाला होते हुए स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचा। वहां मेराज भी आ गया। दोनों टिन शेड के नीचे बैठकर बात करने लगे। पुलिस के मुताबिक अंगद ने घड़ी और ब्लूटूथ मांगा तो मेराज ने सामान लौटाने से इनकार कर दिया और गाली देते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों में मारपीट हुई और मेराज मुंह के बल गिरकर बेहोश हो गया।
पुलिस के अनुसार अंगद ने मेराज को काफी हिलाया लेकिन वह होश में नहीं आया। आरोपी को डर हुआ कि मेराज के बचने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा सकता है। इसके बाद उसने मेराज की जेब टटोली, लेकिन उसमें न मोबाइल मिला और न ही घड़ी व ब्लूटूथ। पुलिस के मुताबिक इसके बाद अंगद ने मेराज की हत्या करने का फैसला किया और पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर दो-तीन वार कर दिए। सिर से खून निकलने पर वह मेराज को मृत समझकर ईंट वहीं छोड़कर भाग गया। पुलिस ने अंगद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी राजकीय रेलवे पुलिस भटनी राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा बरामद किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन




बनकटा रेलवे स्टेशन पर हुई युवक की हत्या के मामले का पर्दाफाश कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए ब्लूटूथ व घड़ी मांगने के विवाद में ईंट से कूचकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- सवीरत्न गौतम, क्षेत्राधिकारी बलिया, जीआरपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें