रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाने का कार्यभार संभालने के बाद एसओ विनोद कुमार सिंह ने कुछ दिन पहले हैवानियत की शिकार हुई बच्ची के घरवालों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष व त्वरित विवेचना कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है और न्याय प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। 11 फरवरी को श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या की घटना सामने आई थी, जिससे पूरा इलाका दहल उठा था। प्राथमिक विद्यालय में दूसरी कक्षा की छात्रा रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। बाद में खेत के पास झरही में उसका शव मिला था। इस मामले में पट्टीदारी के चाचा पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।