रामपुर बुजुर्ग। क्षेत्र के धरहनिया गांव के युवक की अंबाला में हुई मौत के मामले में वृहस्पतिवार को मृतक के परिजन बनकटा थाने में एसपी से मिलकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। एसपी से मुलाकात के बाद पीड़ित को मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
बता दें कि धरहनिया गांव निवासी जयप्रकाश पांडेय ने तीन दिन पहले बनकटा थाने में लिखित शिकायत देकर गांव के एक व्यक्ति सहित करीब दर्जन भर लोगों पर साजिश रचकर अपने भाई की हत्या कराने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि गांव का एक व्यक्ति उनके भाई कृष्ण चंद्र पांडेय को कमाने का लालच देकर बाहर ले गया था। आरोप है कि यह व्यक्ति, एक ठेकेदार और अन्य सहयोगियों ने मिलकर कृष्ण चंद्र को अंबाला में बंधक बना लिया। मृतक ने अपनी मौत से पहले इस बात की सूचना अपनी बहन को दी थी। परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत कृष्ण चंद्र की हत्या कर शव को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। घटना की सूचना अंबाला की रेलवे पुलिस की ओर से परिजनों को दी गई। बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में बनकटा थाने के एसओ को लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। हालांकि घटनास्थल राज्य के बाहर का होने के कारण पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। बृहस्पतिवार को वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंचे एसपी से पीड़ित के भाई व बहन ने थाने पहुंचकर एसपी को अपनी आपबीती सुनाई, जिस पर एसपी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।