महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में एक्सर कक्ष के बाहर लगी कतार, फोटो संवाद
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज में सोमवार को रोगिजों की भीड़ रही। यहां ओपीडी बिल्डिंग से लेकर एक्स-रे काउंटर तक हर जगह मरीजों की कतार लगी रही। इसके चलते इलाज कराने में एक से दो घंटे लग गए। इससे मरीज परेशान रहे।
मेडिकल काॅलेज में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी तक हर जगह मरीजों की कतार लगी रही। मेडिसीन विभाग, मनोरोग विभाग, हड्डी रोग विभाग, नाक कान गला रोग विभाग से लेकर हड्डी रोग विभाग की ओपीडी तक मरीजों की कतार रही। मेडिसीन रोग विभाग में कक्ष संख्या एक में डॉ. सिराजुद्दीन मरीज देख रहे थे। यहां कक्ष के सामने से लेकर गैलरी के अंदर शौचालय के सामने तक कतार लगी रही।
वहीं एक्स-रे कक्ष के सामने भी यही हाल रहा। ओपीडी के एक्स-रे काउंटर के सामने से लेकर गैलरी में शौचालय के आगे तक मरीज कतार में खड़े रहे। यहां रोगियों को अपनी जांच कराने में दो घंटे तक लग गए।
12 बजे कतार में लगे रोगी को मशीन तक पहुंचने में करीब दो बज गए। इसके चलते किसी तरह एक्सरे तो हो गया पर वह अपनी रिपोर्ट डॉक्टर को नहीं दिखा सके। इसके चलते वह अगले दिन आने की मजबूरी साथ लेकर घर चले गए। खुखुंदू के अभिषेक के दाहिने पैर में कच्चा प्लास्टर चढ़ा हुआ था।
वह किसी तरह एक्सरे कक्ष के अंदर पहुंचने में सफल रहे। वह अपने साथी के साथ फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। अभिषेक ने बताया कि सुबह आठ बजे से आए हैं। पर्ची बनवाने के बाद लाइन में लगकर डॉक्टर को दिखाए हैं। इसके बाद एक्सरे कक्ष के सामने 11:40 बजे लाइन में लगे। दो घंटे बाद नंबर आया है।
बिहार के गोपालगंज जिला के रामपुर सुंगधव से आए उपेंद्र सिंह ने बताया कि 11:40 बजे से कतार में खड़े हैं। दो घंटे हो गए। अभी दो लोगों से पीछे हैं। दो बजे एक्सरे भी बंद हो जाएगा और डॉक्टर भी चले जाएंगे। ा