खुखुंदू क्षेत्र के नूनखार के जुआफर गांव का मामला
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। क्षेत्र के नूनखार के जुआफर गांव की 27 वर्षीय बेबी खातून की बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। बुधवार की शाम को प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजन उसे देवरिया के एक प्राइवेट अस्पताल में लाए थे। डाॅक्टर ने मामला गंभीर बताकर देर रात में ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद बेबी की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल कर्मियों ने उसे रेफर नहीं किया। नतीजा उसकी मौत हो गई। जबकि ऑपरेशन से पैदा हुई बच्ची सुरक्षित है। परिजन शव लेकर घर चले आए। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने दहेज के लिए बेटी को मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार प्रांत के सिवान जिला मैरवा थाना क्षेत्र के इंग्लिश गांव निवासी रियाजुद्दीन खान ने बेटी बेबी खातून की शादी 2021 में जुआफर गांव निवासी लड्डन खान के साथ की थी। दोनों के बीच एक ढाई साल का बेटा है। बेबी फिर से गर्भवती थी। बेबी की ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद मौत हो गई है। परिजन शव लेकर गांव आ गए। यहां मिट्टी की तैयारी चल रही थी, मगर पति लड्डन के बाहर होने से सब काम रुका हुआ था।
इसी बीच मायके वाले पहुंचे। मां नूर तारा खातून का कहना है कि इलाज में लापरवाही बरतने से बेटी की जान गई है। उसने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी। पिता रियाजुद्दीन खान का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान बेटी की मौत हुई है। आरोपी अस्पताल वाले हैं। उनकी लापरवाही से ही बेटी की जान गई है। इसमें ससुराल वालों का कोई कसूर नहीं है। प्रभारी थानेदार सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष से एक युवक ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।