बरियारपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के घटैला गाजी गांव के सेमरहवा बाबा के पास रविवार की सुबह मामा के घर जा रहे युवक पर बाइक सवार दो नकाबपोशों ने चाकू से हमला कर दिया। बचने के प्रयास में युवक बाइक से गिरकर पुलिया से टकराकर घायल हो गया।
दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग जुट गए, मगर बाइक सवार हमलावर भागे निकले। माैके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नकाबपेश हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सुरौली थाना क्षेत्र के तिवई गांव निवासी रोहित पुत्र शत्रुघ्न प्रसाद बरियारपुर थाना क्षेत्र के मेहरौना गांव में अपने मामा के घर रहता है।
सुबह वह सोनूघाट की तरफ गया था। वहां से पडरी चौराहे के रास्ते लौटते समय सेमरहवा बाबा के पास पुलिया पर उसे बाइक सवार नकाबपोशों ने घेरकर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं पाया और बाइक से गिरकर पुलिया से टकरा गया।
घायल रोहित ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बरियारपुर एसओ दीपक सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सदर कोतवाली और सुरौली थाने की पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।