संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के तृतीय संस्करण का आयोजन 25 मई से पांच जून तक इस बार नोएडा, लखनऊ, गोरखपुर व वाराणसी में होगा। खिलाड़ियों में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से मशाल रैली वैन प्रदेश के विभिन्न जगहों से होते हुए 13 मई को जिले में पहुंचेगी। 14 मई को स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित शहर के विभिन्न स्कूल कॉलेजों में इसका स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बन रही है। इसके लिए रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर से भी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के प्रति जागरूकता अभियान के तहत बीते पांच मई को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मशाल प्रज्ज्वलित कर रैली का शुभारंभ किया था। इसके अंतर्गत चार मशाल रैली वाहन अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गई हैं। यह टीम लखनऊ से बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, गोरखपुर, महराजगंज, कुुशीनगर, देवरिया, मऊ, अयोध्या, आंबेडकरनगर, बलिया, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्घार्थनगर, बाराबंकी, उन्नाव होते हुए पुन: लखनऊ पहुचेंगी।
चारों टीमों में से एक मशाल रैली 13 मई को देवरिया पहुंचेगी। रैली के साथ एक मशाल और शुभांकर बारहसिंघा एवं इस गेम्स से प्रचार-प्रसार से जुड़ा सिस्टम भी चल रहा है। 14 मई को यहां इसका स्वागत कार्यक्रम स्टेडियम सहित विभिन्न स्कूल कॉलेजों में आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है।
-
प्रदेश के चार शहरों में होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेेम्स के प्रति जागरूक करने के लिए मशाल रैली के स्वागत की तैयारी चल रही है। 13 मई की सुबह यहां वैन आ जाएगी और 14 मई को इसका स्वागत समारोह आयोजित होगा।
-राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी