तरकुलवा। सकतुआ बुजुर्ग गांव में रविवार की देर रात एक विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। चर्चा है कि गृह कलह से तंग आकर विवाहिता ने यह कदम उठाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, सकतुआ बुजुर्ग गांव निवासी मृत्युंजय गोंड दोनों पैर से दिव्यांग है। रविवार की रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्यों ने मृत्युंजय की पत्नी बिंदू देवी (24) का शव पंखे से लटका देखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी और थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।