मईल। थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव में सोमवार को 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव कमरे में पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटका मिला।
परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
विवाहिता की मौत की सूचना मायके पक्ष को मिलते ही लार थाना क्षेत्र के डुमरी गांव से चाचा रमेश प्रसाद, हरिनारायण प्रसाद समेत अन्य रिश्तेदार और कुछ ग्रामीण नेनुआ पहुंच गए।
मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष विकास नाथ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने महिला के कमरे से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि महिला का पति मुंबई में नौकरी करता है । वह एक सप्ताह पहले ही घर आया था। महिला का पांच वर्ष का एक बेटा है। थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।