देसही देवरिया। सेमरहा गांव में एक महिला ने बुधवार की देर शाम जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर बेटी को प्रताड़ित कर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तरकुलवा थानाक्षेत्र के पिपरहियां गांव के लालबिहारी चौहान ने करीब 10 साल पहले अपनी बेटी संजू (28) की शादी महुआडीह थानाक्षेत्र के चिउरहा गांव के सेमरहा टोला निवासी अमर चौहान से किया था। संजू देवी के दो बच्चे भी हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर शाम को संजू ने घर पर ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घर वालों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां गंभीर हालत देख डाॅक्टरों ने उसे एसपीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही संजू की मौत हो गई। इसकी जानकारी मायके वालों को हुई तो वह सेमरहा पहुंचे। लालबिहारी ने पुलिस को तहरीर देकर दामाद अमर चौहान पर बेटी को प्रताड़ित कर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को पति अमर चौहान पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया। आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, संजू के दोनों बच्चों सहित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसओ अमित कुमार राय ने बताया कि सेमरहा गांव में संजू के जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। उसके पिता लालबिहारी चौहान की तहरीर पर पति अमर चौहान पर पत्नी को प्रताड़ित करने का प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।