देवरिया। कोतवाली पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर पति, ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और पिटाई करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज किया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया, मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के सुदामा यादव का टोला निवासी पल्लवी यादव पत्नी मुलायम यादव ने बताया कि उसका विवाह 7 मार्च को ग्राम बनिऐनी, पोस्ट रनिहवा, थाना रुद्रपुर निवासी मुलायम यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी में पिता ने सामर्थ्य अनुसार करीब तीन लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल के लिए एक लाख रुपये खाते के माध्यम से सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। यहां तक कि खाना-पीना देना भी बंद कर दिया गया। विवाहिता का कहना है कि तीन माह बाद उसे मारपीट कर घर से भगा दिया गया। बाद में पंचायत और समझाने-बुझाने पर उसे फिर ससुराल ले जाया गया, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका। 18 जनवरी को पति, ससुराल पक्ष के अन्य लोगों और एक रिश्तेदार ने मिलकर फिर एक लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर विवाहिता की पिटाई की गई। सूचना पर पिता पहुंचे तो आरोप है कि विवाहिता का सोने-चांदी का सामान और अन्य स्त्रीधन छीन लिया गया तथा उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। साथ ही दोबारा भेजने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति मुलायम यादव, ससुर रामनरेश यादव, बेचू यादव, मोहन यादव, कुसुम और मानवेन्द्र यादव उर्फ मैनेजर निवासी राजी विश्वनाथपुर, थाना झंगहा, जिला गोरखपुर के खिलाफ अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राकेश राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।