दुर्गा चालीसा, कपूर व अगरबत्ती की खरीदारी तेज, मंदिरों में साफ-सफाई में जुटे श्रद्धालु
देवरिया। नवरात्र के आगमन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। दुर्गा चालीसा, रक्षा सूत, कपूर, अगरबत्ती, मूंगफली की गुद्दी, गुड़ और चीनी की मांग में खासा इजाफा देखा जा रहा है।
त्योहार को लेकर इन दिनों सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रह रही है। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्र नजदीक आते ही बिक्री में तेजी आई है और आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं, जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। अहिल्यापुर दुर्गा मंदिर, भटनी स्थित जलपा माई मंदिर और मठियां के दुर्गा मंदिर में श्रद्धालु साफ-सफाई और सजावट में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसरों को आकर्षक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्र के दौरान इन मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।