देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 14 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी बैंक प्रबन्धकों व फाइनेन्स कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को दीवानी कचहरी में प्री-ट्रायल बैठक आहूत की गयी।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डीविजन शैलजा मिश्रा ने समस्त बैंक/फाइनेन्स कम्पनीयों के प्रबन्धकों से कहाकि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैकों के ऋण वसूली मामलों का निस्तारण किया जाना है। इसके लिए वे अधिक से अधिक संख्या में मामलों को चिह्नित करें, जिसे सुलह समझौते के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित कराया जा सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि समस्त बैंक प्रबंधक, बैंक में नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत में लगने वालें मामलों का चिन्हांकन एवं निस्तारण बड़ी संख्या में किया जा सके।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के लिए पोस्टर, बैनर व अन्य इलेक्ट्रानिक माध्यमों से आम जनमानस को जागरूक करें। बैठक में यूपी ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मौजूद रहे। संवाद