मंडल रेल प्रबंधक ने ली संचालन और सुरक्षा की जानकारी
स्पेशल ट्रेन से पहुंचे रामाश्रय पांडेय, लोगों की समस्याओं को भी सुना
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी रामाश्रय पांडेय स्पेशल ट्रेन से शनिवार की शाम 5:55 बजे भाटपाररानी पहुंचे और रेलवे स्टेशन का आधे घंटे तक निरीक्षण किए। ट्रेन से उतरते ही उन्होंने नगर व क्षेत्र के लोगों द्वारा ज्ञापन व उनकी समस्याओं को सुना।
मंडल रेल प्रबंधक को लोगों ने ट्रेनों के ठहराव, प्लेटफॉर्म नंबर एक के विस्तारीकरण, पेयजल की समस्या आदि से अवगत कराया तथा उसके समाधान की मांग की। ट्रेनों के ठहराव के बारे में उन्होंने लोगों से कहा कि टिकटों की बुकिंग नहीं होने के कारण ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है। चालू करने का पावर केवल रेलमंत्री को ही है। आप उनसे मिलें।
प्लेटफॉर्म नंबर एक के विस्तारीकरण के लिए मापी हो चुकी है। उसके बाद वे पैदल पुल से चलकर प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचे। प्लेटफॉर्म की स्थिति को देखा और आवश्यक निर्देश दिए। वहां से स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां ट्रेनों के संचालन और सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया।
बाहर निकलकर परिसर में लगे जलभराव आदि को भी देखा और पुन: भटनी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक शशि भूषण, स्टेशन मास्टर चंदन, भूपेश, संजय कुमार, श्यामसुंदर, अनिल यादव तथा नगर के संतोष पांडेय, संजय जायसवाल, देवेश गुप्त, उमेश शाही सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
मौर्य एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर डीआरएम से मिले क्षेत्रीय लोग
बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। डीआरएम के आने की सूचना पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे, उन्होंने मौर्य एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि कोविड काल के पूर्व मौर्य एक्सप्रेस का ठहराव बनकटा में होता था, लेकिन कोविड के बाद सभी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया, लेकिन मौर्य एक्सप्रेस का बनकटा स्टेशन पर ठहराव नहीं किया गया। यहां से जिला मुख्यालय की दूरी पचास किमी है। क्षेत्र में पंद्रह इंटर कॉलेज, दो डिग्री कॉलेज के साथ ही तमाम सरकारी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों, व्यापारियों, छात्र, कचहरी में जाने वाले वादकारियों तथा मरीजों को जिला मुख्यालय पर आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने डीआरएम से मौर्य एक्सप्रेस के ठहराव, आरक्षण काउंटर लगाने तथा रेलवे परिसर से बंजरिया गांव को जोड़ने वाली निर्माणाधीन मार्ग को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस पर डीआरएम ने शीघ्र ही यूटीएस काउंटर खुलवाने तथा मौर्य एक्सप्रेस के ठहराव के लिए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। संवाद