देवरिया जिले में दस दिन पूर्व बीए तीसरे वर्ष की एक छात्रा को कुछ मनबढ़ युवक बोलेरो में जबरदस्ती बैठा कर भगा ले गए। जब छात्रा का भाई घर आया तो इसकी जानकारी हुई। काफी खोजबीन के बाद जब पता नहीं चला तो पीड़ित ने पुलिस को शनिवार को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव का एक युवक पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि 28 जुलाई को वह किसी काम से गोरखपुर गया था। वापस शाम को 7:30 बजे जब घर आया तो पता चला कि (20) वर्षीय उसकी बहन जो बीए तीसरे वर्ष की छात्रा है। उसे गांव के बगल का ही एक युवक अपने साथियों के साथ जबरदस्ती बोलेरो में बैठा कर उठा ले गया।
पीड़ित के मुताबिक उसकी बहन घर में रखे तीन लाख व 5 लाख के जेवरात भी लेकर चली गई है। काफी खोजबीन के बाद जब पता नहीं चला तो पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इसे भी पढ़ें: बदल रहा गोरखपुर: औद्योगिक हब बनेगा गोरखपुर, दो लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के जमुई गांव निवासी सन्नी यादव व भाटपार रानी थाना क्षेत्र के जिरासो गांव निवासी उसके साथी आशुतोष यादव, रितेश यादव, इस्तखार व भटनी थाना क्षेत्र के दादर टोला गांव निवासी सन्नी के मामा अजीत यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि युवती के भाई के तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।