महराजगंज जिले का रहने वाला है आरोपी, दो फोन बरामद
देवरिया। ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों का मोबाइल फोन चुराने वाले गिरोह के एक सदस्य को शनिवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। उसके पास से चोरी का दो मोबाइल फोन फोन बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी महराजगंज जिले का रहने वाला है। जीआरपी ने उसे जेल भेज दिया है।
15 दिसंबर 2023 को गोरखपुर-अहमदाबाद ट्रेन के स्लीपर एस 8 के बर्थ नंबर सात और आठ पर परिवार के साथ रवि यात्रा कर रहे थे। इसी कोच में मध्य प्रदेश अनुपुर कपिलधारा कालोनी निवासी श्याम प्रसाद भी थे। दोनों का मोबाइल फोन यात्रा के दौरान ट्रेन से चोरी हो गया था। यात्रियों ने जीआरपी में केस दर्ज कराया था।
शनिवार को दोपहर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर जांच कर रही थी। टीम को देख एक युवक भागने लगा। सिपाहियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। जीआरपी ने युवक की पहचान महराजगंज जिले के शिवपुरी थाना क्षेत्र के परसा मलिक गांव निवासी समीर अहमद के रूप में की। उसके पास से दोनों यात्रियों का चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। जीआरपी एसओ मोहम्मद युनूस ने बताया कि चोरी के मोबाइल फोन के साथ युवक को गिरफ्तार किया गया, उसका चालान कर दिया गया है।