आधी रात को निकला था मछली पकड़ने, सुबह गड्ढ़े में मिला शव
लार (देवरिया)। घर से मछली पकड़ने की बात कह आधी रात को निकले युवक का शव नगर के सेमरहा बाबा स्थान के समीप एक गड्ढे में उतराता हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक मछली पकड़ने के दौरान पानी से भरे गड्ढे में डूब गया। संतुष्टि के लिए परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा करा शव को परिजनों को सौंप दिया।
लार नगर के मठ वार्ड भेड़िहारवा टोला निवासी जावेद (33 वर्ष) नगर में बिजली बिल वसूली करने का काम करता था। शनिवार देर रात को घर से मछली पकड़ने की बात कह निकला। रात दो बजे तक जब घख नहीं आया तो पत्नी गुलाम फात्मा की चिंता बढ़ गई। इसी बीच सुबह की सैर के लिए निकले लोगों ने सेमरहा बाबा के समीप गड्ढे में एक शव उतराता हुआ देखा। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पत्नी गुलाम फात्मा पति के शव से लिपट दहाड़े मार रोने लगी। संतुष्टि के लिए परिजन उसे सीएचसी लार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना के बाद से मां शैरूंन निशा, पिता कबीर अंसारी का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा सुहेल 11 वर्ष
, जुमेर एक माह, बेटी फिजा 9 वर्ष की है। जावेद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटे भाई मजदूरी करते हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा करा परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि शव को परिजनों के कहने पर पंचनामा करा सौंप दिया गया है।