भाटपाररानी क्षेत्र के फूलमान के पास हुआ हादसा
भाटपाररानी। भटनी-भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार की रात करीब 9 बजे फूलमान टोला दनउर के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को एकत्रित कर पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम फूलमान टोला दनउर निवासी अजय यादव (24) पुत्र प्रहलाद यादव उर्फ मुल्की रात में डाउन ट्रैक पकड़ कर शौच के लिए जा रहा था। वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। डेढ़ किमी दूर तक उसका शव टुकड़े-टुकड़े में फैल गया था।
मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ एसपी सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया गया है। अजय की शादी अप्रैल में हुई थी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।