ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मजदूर की मौत
रुद्रपुर (देवरिया)। देवरिया मार्ग पर जंगल इमिलिहा गांव के करीब पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से 22 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। वह सोमवार की दोपहर कीरब 1.30 बजे काम से छुट्टी मिलने पर खाना खाने जा रहा था।
कोईलगढ़हा गांव के मल्लटोला के रहने वाले हरिशंकर राजभर का बेटा मनीष दिहाड़ी पर मजदूरी कर परिवार को भरण-पोषण करता था। वह अविवाहित था। दो भाइयों में बड़ा मनीष पर बुजुर्ग माता-पिता और भाई के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। सोमवार सुबह वह इमिलिहा गांव में बन रहे मकान में मजदूरी करने गया था। दोपहर तक काम पूरा होने के बाद मजदूरों को खाना खाने की छुट्टी दे दी गई। घर से पोटली में रोटी लेकर काम पर आया मनीष खाना खाने से पहले हाथ धोने पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इसी दौरान देवरिया की ओर से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली उसे रौदती हुई एक बाइक पर चढ़ गई। उसके सिर पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।