सैन्य अधिकारी मेजर दीपक सिंह का चयन भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ सैन्य अधिकारी के रूप में हुआ है। वह संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कई देशों की गतिविधियों का जायजा लेकर संयुक्त राष्ट्र को रिपोर्ट करेंगे, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
डुमरी गांव निवासी दीपक कुमार सिंह का चयन उनकी मेहनत की बदौलत 2008 में इंडियन आर्मी में हुआ था। वह अपने पराक्रम से हमेशा भारत का मान बढ़ाते रहे। पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर जम्मू कश्मीर में आतंक निरोधक अभियान चलाने के लिए उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वर्तमान में वह भारत-पाकिस्तान की सीमा पर सेना की एक यूनिट को कमांड कर रहे हैं। इसी बीच उनका चयन संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ सैन्य अधिकारी के रूप में हुआ है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय एवं संयुक्त राष्ट्र की स्वीकृति मिल चुकी है।
अब वह संयुक्त राष्ट्र की तरफ से सिविल वार में फंसे देशों जैसे इजरायल, फिलीस्तीन, लेबनान, सीरिया, सूडान को प्रोटेक्ट करेंगे। वहां अमन-चैन कायम रहे, इसके लिए काम करेंगे। साथ ही वह यह जानेंगे कि संयुक्त राष्ट्र मिशन की ओर से यहां के गरीब नागरिकों को भेजी जाने वाली मदद उन तक पहुंच रही है कि नहीं। इनके पिता कामेश्वर सिंह भी सेना में अधिकारी रह चुके हैं।