देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय क्रिकेट चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में लखनऊ ने मुजफ्फरपुर को 55 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मात्र 70 गेंद पर ही 10 चौके व छह छक्के लगाकर शानदार शतकीय पारी (104) खेलकर जीत में अहम योगदान देेने वाले हिमांशु सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को अंशुमान सिंह रानू मेेमोरियल क्रिकेट चैंपियनशिप का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच लखनऊ व मुजफ्फरपुर टीम के मध्य खेला गया। टॉस जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 219 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें हिमांशु सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए और ग्राउंड के चारों ओर शाॅट लगाकर केवल 70 गेंद में ही 104 रन की नाबाद पारी खेली। अभय ने 42, शाश्वत ने 21 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम से राहुल ने चार ओवर में 34 रन देकर दो, नमन ने छह ओवर में एक मेडन रखते हुए 37 रन देकर दो विकेट प्राप्त किया। मोहित व कैफ को एक-एक विकेट मिला। जवाब में उतरी मुजफ्फरपुर की टीम 27 ओवर में 165 रन पर ही सिमट गई। टीम की ओर से सर्वाधिक रन विक्रम ने 40 गेंद में छह चौके व एक छक्के की मदद से 52, आदित्य 26 व विकास ने 27 रन जोड़े। लखनऊ की ओर से अभय ने चार ओवर में 25 रन देकर दो, प्रिंस ने पांच ओवर में 22 रन देकर दो तथा रवि सिंह ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके। क्षितिज व मंटू ने एक-एक विकेट हासिल किया। इसके पूर्व एएसपी राजेश सोनकर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कर खेल आरंभ कराया। मैच समापन के बाद सीनियर खिलाड़ी बबलू तिवारी ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हिमांशु को प्रदान किया।