रामपुर कारखाना। भीषण गर्मी के बीच रामपुर कारखाना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि रुस्तमपुर फीडर में आधे घंटे आपूर्ति के बाद एक से डेढ़ घंटे तक कटौती की जा रही है। इससे उपभोक्ता प्रचंड गर्मी में बेहाल हैं।
जानकारी के अनुसार, पांडेय चक उपकेंद्र और देसही देवरिया के इमिलिया उपकेंद्र से आपूर्ति की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। दोनों उपकेंद्र से जुड़े फीडरों को तीन-तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है, मगर लोड अधिक होने के कारण व्यवस्था चरमरा गई है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इमिलिया उपकेंद्र के देसही फीडर और पांडेय चक के रुस्तमपुर फीडर पर सर्वाधिक लोड है, जिसका असर अन्य फीडरों पर पड़ रहा है।
बिजली निगम ने ट्रांसफाॅर्मरों को ओवरलोड से बचाने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू की है। इसमें एक घंटे आपूर्ति और एक घंटे कटौती का नियम निर्धारित है। हालांकि, स्थिति इससे विपरीत है, जहां कई स्थानों पर मात्र 30 मिनट बिजली मिलने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक कटौती हो रही है।
रुस्तमपुर फीडर की हालत और भी गंभीर है, जहां आपूर्ति शुरू होने के कुछ ही मिनटों में वोल्टेज इतना गिर जाता है कि पंखे चलना तो दूर, मोबाइल चार्ज करना मुश्किल हो जाता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय से चल रहा फीडर विभाजन का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फीडर का विभाजन समय से पूरा हो गया होता तो लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती थी।
पूर्व सभासद मुन्नालाल मद्धेशिया, समतुल्लाह मंसूरी, सभासद लक्ष्मण जायसवाल, विष्णु गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, रविंद्र श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, विभूति समेत दर्जनों उपभोक्ताओं ने भीषण गर्मी में हो रही कटौती पर नाराजगी जताते हुए नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति की मांग की है। अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता ने बताया कि ओवरलोड के चलते बार-बार टिप हो जा रहा है।