फोटो समाचार...........
सीओ व कोतवाल के नेतृत्व में पूरी रात पुलिस कर्मी जुटे रहे खोज में
फूल मंडी के समीप अपने दोस्त के साथ दिखने पर लाए कोतवाली
पिता को बुलाकर किशोर को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बुधवार की देर शाम से घर से लापता किशोर को गुरुवार को शहर के जलकल रोड स्थित फूलमंडी से पुलिस ने पकड़ लिया। बालक परिजनों के डांटने पर घर से निकला था। पूरी रात अपने दोस्त के घर रात गुजारने के बाद फूल मंडी के लिए निकला था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पहचान कर उसे कोतवाली लाई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शहर के पोस्टमार्टम हाउस के समीप सरकारी आवास से कलक्ट्रेट के वरिष्ठ लिपिक तारकेश्वर तिवारी का बेटा गगन तिवारी बुधवार की शाम को परिजनों के डांटने पर घर से नाराज होकर कहीं निकल गया। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की। उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस भी सक्रिय हो गई। किशोर के लापता होने की सूचना सभी व्हाट्सप ग्रुप व फेसबुक पर डालने के साथ ही उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार की सुबह में पुलिस शहर के सीसी फुटेज खंगाल ही रही थी कि दिन में करीब 11 बजे गगन अपने दोस्त के साथ फूल मंडी में दिखा। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे लेकर कोतवाली पहुंची। पुलिस की सूचना पर पहुंचे उसके पिता को किशोर को सुपुर्द कर दिया। कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सीओ के निर्देश पर पुलिस पूरी रात बच्चे की सकुशल बरामदगी में लगी थी। सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि रात में पिता के साथ किशोर की खोज की गई। सुबह में बच्चे के मिलने के बाद पिता को बुलाकर उनको सुपुर्द कर दिया गया है। किशोर के सकुशल लौटने के बाद परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।