बदमाशों ने लूटा ट्रक, चकरवां के पास बरामद
बरहज। मदनपुर थाना क्षेत्र के हरदेउरा गांव के निकट बुधवार की रात चालक-खलासी से मारपीट कर ट्रक और उसमें रखे पैसे लूटने का मामला सामने आया। ट्रक लेकर भलुअनी की ओर भागने की सूचना पर पुलिस ने रास्ते में रोकने की कोशिश की लेकिन बदमाश पकड़ी बाजार क्षेत्र की ओर भागने लगे। जानकारी होने पर मदनपुर पुलिस ने चकरवां के करीब ट्राली लगाकर ट्रक सहित कुछ संदिग्धों को धर दबोचा। उन्हें थाने लाया गया। बिहार के छपरा निवासी सोनू राय का ट्रक होना बताया जा रहा है। ट्रक में सवार खलासी बिहार के अवतार थाना स्थित मंजापुर फुलवरिया गांव निवासी रंगीला यादव को बदमाशों ने जख्मी कर दिया है। ट्रक बिहार से मदनपुर थाना क्षेत्र में बालू लेकर आया था। जो बालू गिराकर वापस जा रहा था। सीओ रुद्रपुर अंबिका राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर मदनपुर से रिपोर्ट मांगी गई है।